सेंट्रल पार्क में चला विशेष सफाई अभियान, RWA की जनभागीदारी पहल की प्राधिकरण अधिकारियों ने की सराहना

नोएडा, रफ़्तार टूडे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को सेक्टर-105 के सेंट्रल पार्क में आरडब्ल्यूए कार्यकारिणी समिति की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। गांधी जी के स्वच्छता संदेश और शास्त्री जी के सादगी एवं कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित अभियान में सेक्टर के बड़ी संख्या में निवासियों ने हिस्सा लिया।

सुबह से ही सेंट्रल पार्क में निवासी जुटने लगे। लोगों ने एकजुट होकर पार्क और आसपास के परिसर में सफाई अभियान चलाया और श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।

ACEO पुष्पराज सिंह ने किया श्रमदान

अभियान में नोएडा प्राधिकरण के ACEO पुष्पराज सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने निवासियों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने RWA की पहल की सराहना करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना महत्वपूर्ण है। पुष्पराज सिंह ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज का आधार है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्राधिकरण की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं और जब स्थानीय निवासी भी प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करते हैं तो स्वच्छता अभियान को व्यापक स्तर पर गति मिलती है। उन्होंने सेक्टर-105 की RWA की जनभागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि प्राधिकरण सेक्टर के विकास और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में RWA के साथ सहयोग करता रहेगा।

प्राधिकरण के कई अधिकारी अभियान में हुए शामिल

स्वच्छता अभियान में नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक आर.एस. यादव, वरिष्ठ प्रबंधक रोहित सिंह, उद्यान विभाग के उपनिदेशक बुद्ध विलास सिंह, अवर अभियंता विक्रम सिंह मोंगा और हेल्थ इंस्पेक्टर राकेश भाटी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए स्वच्छता गतिविधियों में श्रमदान किया। कार्यक्रम में सेक्टर के कई विशिष्ट निवासियों ने भी भाग लिया। इनमें पूर्व चीफ कमिश्नर (GST) उपेंद्र गुप्ता, सुधांशु त्रिवेदी, शिव कुमार शर्मा, मनमोहन शर्मा, विनोद शर्मा, पूजा शर्मा, संजय गोयल और विनोद गोयल सहित अन्य निवासी शामिल रहे।

RWA पदाधिकारियों ने संभाली अभियान की कमान

स्वच्छता अभियान का नेतृत्व RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने किया। उनके साथ महासचिव राजीव दुबलिश, उपाध्यक्ष रानी गौतम, संयुक्त सचिव अनिल भदोरिया, कोषाध्यक्ष सुरेश बंसल तथा कार्यकारिणी सदस्य उमेश माथुर, महेश चौहान और नवीन पालीवाल ने अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित किया। इस दौरान सेक्टरवासियों ने पार्क और आसपास के क्षेत्रों की सफाई में सक्रिय भागीदारी की। RWA की ओर से लोगों को स्वच्छता को केवल एक दिन का अभियान न बनाकर नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

सेक्टर-105 को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प

RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने अभियान में शामिल ACO पुष्पराज सिंह, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेक्टर-105 को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए RWA की ओर से आगे भी इस तरह के अभियान और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान ने स्वच्छता के साथ-साथ प्राधिकरण और स्थानीय निवासियों के बीच सहभागिता का संदेश भी दिया।