एसीईओ सुमित यादव बोले- गांधी जी के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक, शास्त्री जी के जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेने की जरूरत

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री पंडित लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान दोनों महान विभूतियों के आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में थे। गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और जनभागीदारी के माध्यम से देशवासियों को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों को केवल पढ़ना या उनके बारे में चर्चा करना पर्याप्त नहीं है। उनके सिद्धांतों को समझकर उन्हें अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से गांधी जी के आदर्शों को कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया।

देशसेवा और सादगी का संदेश देता है दोनों महापुरुषों का जीवन

कार्यक्रम में ओएसडी अभिषेक पाठक ने कहा कि महात्मा गांधी और पंडित लाल बहादुर शास्त्री का पूरा जीवन देशसेवा, सादगी, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। दोनों महान नेताओं ने अपने आचरण और कार्यों से देश के सामने आदर्श प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी उनके जीवन मूल्यों की प्रासंगिकता बनी हुई है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज तथा देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।

कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचारों और मूल्यों को आत्मसात कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, ओएसडी लवगीत कौर, ओएसडी अजय शर्मा, पीजीएम संदीप चंद्रा, डीजीएम वित्त सुधीर कुमार गंगवार, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार गौतम, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल सहित ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी तथा पंडित लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।