दिल्ली, रफ़्तार टूडे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह घोषणा रविवार को बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के माध्यम से की गई। नितिन नबीन अब पार्टी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

नितिन नबीन बिहार के अनुभवी और चर्चित नेताओं में गिने जाते हैं। वे कायस्थ समुदाय से आते हैं और वर्तमान में बिहार की नीतीश सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं। पटना में जन्मे नितिन नबीन, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। पिता के निधन के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और कम उम्र में ही अपनी मजबूत पहचान बना ली।

नितिन नबीन ने महज 26 वर्ष की उम्र में विधायक बनकर राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वर्ष 2006 में उन्होंने पटना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद पटना वेस्ट सीट का नाम बदलकर बांकीपुर कर दिया गया, और तब से वे इसी सीट से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं।

https://twitter.com/i/status/2000182481123954939
रफ़्तार टूडे का ट्विटर अकाउंट

हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने पटना जिले की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट से आरजेडी उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51 हजार से अधिक वोटों के बड़े अंतर से हराकर अपनी राजनीतिक ताकत का एक बार फिर प्रदर्शन किया था।

संगठनात्मक अनुभव के लिहाज से भी नितिन नबीन का रिकॉर्ड मजबूत रहा है। वे छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के प्रभारी रह चुके हैं, जहां पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की थी। संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर उनके लंबे अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

https://twitter.com/i/status/2000180687689994247
रफ़्तार टूडे का ट्विटर अकाउंट

नितिन नबीन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नितिन नबीन ने एक मेहनती कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे युवा और ऊर्जावान नेता हैं, जिनके पास संगठन का व्यापक अनुभव है और बिहार में विधायक व मंत्री के रूप में उनका रिकॉर्ड सराहनीय रहा है।

गौरतलब है कि जेपी नड्डा को वर्ष 2020 में बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। उनका कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो गया था, लेकिन उसके बाद वे विस्तार (एक्सटेंशन) पर बने हुए थे। अब नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने संगठन को नई दिशा देने का संकेत दिया है।