सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 क्लस्टर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, ग्रेटर नोएडा के खिलाड़ी की उपलब्धि पर कोच, स्कूल और परिवार में खुशी की लहर

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। खेल के मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए गौतमबुद्ध नगर के श्योरान इंटरनेशनल स्कूल के छात्र रुद्रांश राज ने सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 क्लस्टर रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही रुद्रांश ने नेशनल चैंपियनशिप के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया है। उनकी सफलता से स्कूल, परिवार और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है।

सूरजपुर स्थित ग्रेनो बैंक्ड ट्रैक पर 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्गों और स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता की मेजबानी गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित पीएनएन मोहन पब्लिक स्कूल की ओर से की जा रही है। इसमें प्रतिभागी खिलाड़ी अपनी गति, संतुलन और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में लेते हैं प्रशिक्षण

रुद्रांश राज जिला विकास खेलकूद प्रोत्साहन समिति की ओर से ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संचालित स्केटिंग प्रशिक्षण शिविर में नियमित अभ्यास करते हैं। उन्हें प्रशिक्षक चरण सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नियमित अभ्यास और प्रशिक्षक के मार्गदर्शन से रुद्रांश ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

नेशनल चैंपियनशिप में भी पदक की उम्मीद

रुद्रांश की इस उपलब्धि पर उनके कोच, माता-पिता और स्कूल परिवार ने प्रसन्नता जताई है। सभी ने उनकी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए नेशनल चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अब रुद्रांश की नजर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और पदक जीतने पर है। उनकी यह सफलता क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है और यह दिखाती है कि नियमित अभ्यास, सही प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प से खेल के बड़े मंच पर पहचान बनाई जा सकती है।