रोबोटिक्स, AI, विज्ञान, गणित और अर्थशास्त्र समेत विभिन्न विषयों के मॉडल रहे आकर्षण का केंद्र; अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों को सराहा

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। सेक्टर अल्फा-वन स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती राष्ट्रीय पर्व के रूप में उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ विभिन्न विषयों पर आधारित भव्य शैक्षिक प्रदर्शनी लगाकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी, मैनेजर फादर एंड्रयू कोरिया, आगरा से आए मुख्य अतिथि मुख्य धर्माध्यक्ष डॉ. राफी मंजली तथा विशिष्ट अतिथि भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी रुक्मिणी बनर्जी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों और विद्यालय परिवार द्वारा महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान “रघुपति राघव राजा राम” और “जय जवान-जय किसान” के उद्घोष से विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने का संदेश

विशिष्ट अतिथि रुक्मिणी बनर्जी ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामान्य विद्यार्थी होना सफलता की राह में बाधा नहीं है। निरंतर मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर विद्यार्थी बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. राफी मंजली ने विद्यार्थियों को एकता, भाईचारे और शिक्षा के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

विद्यार्थियों ने सजाई ज्ञान-विज्ञान की भव्य प्रदर्शनी

कार्यक्रम के दूसरे चरण में मुख्य अतिथि डॉ. राफी मंजली और विशिष्ट अतिथि रुक्मिणी बनर्जी ने फीता काटकर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई शैक्षिक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में कला, सामाजिक विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, वाणिज्य, बहीखाता और अर्थशास्त्र सहित विभिन्न विषयों से संबंधित मॉडल और प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए। कंप्यूटर विज्ञान के विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, कंप्यूटर एप्लीकेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। वहीं विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों ने भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से जुड़े विभिन्न प्रयोगात्मक मॉडल प्रदर्शित किए।

शेयर बाजार से लेकर औद्योगिक विकास तक की जानकारी

अर्थशास्त्र की प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने मूलभूत आर्थिक अवधारणाओं से लेकर शेयर बाजार और औद्योगिक विकास जैसे विषयों को मॉडल एवं प्रोजेक्ट के माध्यम से समझाने का प्रयास किया। इससे विद्यार्थियों की विषयगत समझ के साथ-साथ उनकी प्रस्तुतीकरण क्षमता भी देखने को मिली। शैक्षिक प्रदर्शनी करीब 20 से 22 कमरों से होते हुए प्रार्थना सभा परिसर के खुले मैदान तक फैली रही। अधिकांश मॉडल कार्यशील होने के कारण अभिभावकों और आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे। अभिभावकों ने विद्यार्थियों की मेहनत, रचनात्मकता और विषयों को व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत करने के प्रयास की सराहना की।

परीक्षा परिणाम घोषित, अभिभावक-शिक्षक बैठक भी हुई

कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से कक्षा पांच तक के प्रथम सत्रीय परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए। इसके साथ ही शिक्षक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें अभिभावकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को लेकर शिक्षकों से संवाद किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार 3 अक्टूबर को कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक और परीक्षा परिणाम वितरण किया जाएगा। इसी वजह से शैक्षिक प्रदर्शनी शनिवार को भी जारी रहेगी। विद्यालय प्रबंधन को उम्मीद है कि इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक प्रदर्शनी देखने पहुंचेंगे।

गांधी-शास्त्री जयंती पर आयोजित कार्यक्रम ने जहां विद्यार्थियों को राष्ट्र के दो महान व्यक्तित्वों के विचारों से जोड़ने का अवसर दिया, वहीं शैक्षिक प्रदर्शनी ने उनकी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, विषयगत ज्ञान और तकनीकी समझ को अभिभावकों के सामने प्रस्तुत किया।