किसानों को पर्याप्त खाद-बीज और नहरों के टेल तक पानी पहुंचाने पर जोर, निवेश परियोजनाओं को गति देने के निर्देश; महिला सुरक्षा मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री एवं गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और राजस्व से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने किसानों की समस्याओं, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क निर्माण, पेयजल, बिजली आपूर्ति और रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा सहित जिले के जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें और जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई जाने वाली क्षेत्रीय समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।

प्रमाण पत्रों और स्वास्थ्य सेवाओं का समयबद्ध निस्तारण

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निवास, आय और जाति प्रमाण पत्र सहित आम नागरिकों से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने, नियमित टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और एंबुलेंस सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मरीजों को समय पर उपचार देने के निर्देश भी दिए।

किसानों को खाद-बीज और सिंचाई की बेहतर सुविधा देने पर जोर

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि कार्यों के दौरान खाद और बीज की कमी का सामना न करना पड़े। सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नहरों के टेल तक पानी पहुंचाने पर विशेष जोर दिया, ताकि अंतिम छोर पर स्थित किसानों को भी सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके। लोक निर्माण विभाग को जिले में सड़कों के निर्माण, मरम्मत और चौड़ीकरण के कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने और विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

निवेश परियोजनाओं और रोजगार योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश

उद्योग विभाग की समीक्षा में बृजेश सिंह ने निवेश से संबंधित एमओयू को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने और लंबित औद्योगिक परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने से जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभान्वित करने पर जोर दिया।

शिक्षा विभाग को सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को गौशालाओं का बेहतर संचालन करने और निराश्रित गोवंश के संरक्षण पर ध्यान देने को कहा गया। वहीं, वन विभाग को वृक्षारोपण और पौध संरक्षण अभियानों में आमजन की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

आवास, खाद्य आपूर्ति और सामाजिक कल्याण योजनाओं की भी समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य आपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, श्रम, पंचायती राज और नगर विकास सहित अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनका लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरतने के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस को निर्देश

कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के साथ महिला सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधों पर नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के लिए सुरक्षित वातावरण बेहद जरूरी है। इसलिए पुलिस प्रशासन अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा के मामलों में पूरी गंभीरता से कार्य करे। जिलाधिकारी ने बैठक में प्रभारी मंत्री की ओर से दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत प्रशासक अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ पुष्पराज सिंह, ज्वाइंट सीपी संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडीएम वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। Gautam Buddha Nagar News: प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की, सांसद डॉ. महेश शर्मा की मौजूदगी में किसानों, निवेश, रोजगार और महिला सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों, राजस्व और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। सांसद डॉ. महेश शर्मा समेत जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किसानों को खाद-बीज, नहरों के टेल तक पानी, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, निवेश परियोजनाओं में तेजी, रोजगार योजनाओं के क्रियान्वयन और महिला सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए।

 प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, डॉ. महेश शर्मा, गौतमबुद्धनगर समीक्षा बैठक, किसान खाद बीज, महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था, विकास कार्य, ग्रेटर नोएडा, न्यूज़