बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई, ट्रक के गुप्त कैविटी में डीजल टैंक जैसी जगह बनाकर छिपाया था गांजा; ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर होनी थी डिलीवरी
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। गौतमबुद्ध नगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने 177 किलो 790 ग्राम गांजे की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, तस्कर ओडिशा से गांजे की खेप लेकर गुरुग्राम जा रहे थे। गांजे को ट्रक में बेहद शातिर तरीके से छिपाया गया था, ताकि चेकिंग के दौरान पुलिस को इसकी भनक न लगे। ट्रक के नीचे टूल बॉक्स के पास विशेष रूप से गुप्त कैविटी बनाई गई थी, जो देखने में डीजल टैंक जैसी लगती थी। इसी जगह गांजे को छिपाकर परिवहन किया जा रहा था।
अंबेडकर पार्क के सामने पुलिस ने दबोचे दोनों तस्कर
बुधवार, 18 नवंबर को स्थानीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर बादलपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने अंबेडकर पार्क के सामने से ट्रक सहित दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना थाना क्षेत्र के सांचोली गांव निवासी इरफान (31 वर्ष) और आसिफ (20 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखा गया 177 किलो 790 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

ट्रक में बनाई थी डीजल टैंक जैसी गुप्त कैविटी
तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रक में गांजा छिपाने का विशेष इंतजाम किया था। वाहन के नीचे टूल बॉक्स के पास एक गुप्त जगह बनाई गई थी, जिसका आकार डीजल टैंक जैसा दिखाई देता था। इसी कैविटी में गांजे की खेप रखी गई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर गुरुग्राम जा रहे थे। उन्हें गांजे की डिलीवरी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर करनी थी। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से तस्करी की यह खेप गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई।
ट्रक मालिक खुद करता था गांजे की तस्करी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार इरफान ट्रक का मालिक है और खुद वाहन चलाता था, जबकि आसिफ उसके साथ हेल्पर के रूप में काम करता था। दोनों तस्करी के दौरान ट्रक में गांजे की खेप लेकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाते थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित पूर्व में भी असम में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुके हैं। उनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
डेढ़ करोड़ की गांजा खेप बरामद, नेटवर्क की जांच जारी
संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान गांजे की बड़ी खेप और तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। बरामद गांजे की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई नेटवर्क और डिलीवरी से संबंधित जानकारियां जुटा रही है। ओडिशा से गुरुग्राम तक गांजे की खेप पहुंचाने वाले इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Comments (0)
Leave a Comment