ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त CEO डॉ. बलकार सिंह ने संभाला कार्यभार, अधिकारियों के साथ की पहली बैठक; शहर में गंदगी बर्दाश्त नहीं, निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने के निर्देश
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) डॉ. बलकार सिंह ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहली बैठक कर शहर के विकास, किसानों की समस्याओं, भूमि अधिग्रहण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया किसानों की सहमति एवं जायज मांगों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाई जाए।
2004 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. बलकार सिंह यूपीसीडा के सीईओ पद पर कार्यरत थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने शहर के विकास को गुणवत्तापूर्ण, व्यवस्थित और जनहित से जुड़ा बनाने पर जोर दिया।
किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान
सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने किसानों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया किसानों की आपसी सहमति और उनकी जायज मांगों को पूरा करते हुए आगे बढ़ाई जाए। किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें प्राधिकरण के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राधिकरण कार्यालय में आने वाले प्रत्येक किसान और आवंटी की शिकायतों को सम्मानपूर्वक सुना जाए। कार्यालय में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तय समयसीमा में समाधान किया जाए।

विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए डॉ. बलकार सिंह ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परियोजना विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिष्ठित एजेंसियों से भी जांच कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल निर्धारित समय में पूरे करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी बेहतर होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को निर्माण स्थलों पर नियमित निरीक्षण करने और कमियों को समय रहते दूर करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
शहर में गंदगी और प्रदूषण रोकने के लिए दिए निर्देश
शहर की साफ-सफाई और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर भी सीईओ ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के किनारे और सेंट्रल वर्ज पर घास लगाने के निर्देश दिए, जिससे शहर को हरित और स्वच्छ बनाया जा सके। अधिकारियों को फील्ड में जाकर समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। सीईओ ने एसटीपी से शोधित पानी के दोबारा उपयोग पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि सिंचाई और निर्माण कार्यों में भूजल के स्थान पर ट्रीटेड वाटर का अधिकाधिक इस्तेमाल किया जाए।

खाली भूखंडों पर निर्माण और निवेश को बढ़ावा देने पर जोर
आवासीय सेक्टरों में खाली पड़े भूखंडों को लेकर भी सीईओ ने नियोजन विभाग को निर्देश दिए। ऐसे भूखंडों के आवंटियों को चिन्हित कर उन्हें निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे सेक्टरों का नियोजित विकास तेजी से आगे बढ़ सके। निवेश को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उनका कहना है कि प्राधिकरण में निवेशकों को सरल, सुगम और बेहतर व्यवस्था मिले, ताकि ग्रेटर नोएडा में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा सके।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
बैठक में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी अभिषेक पाठक, गुंजा सिंह, लवगीत कौर, गिरीश कुमार झा, मुकेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह सहित प्राधिकरण के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा CEO, डॉ. बलकार सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, किसान समस्या, भूमि अधिग्रहण, विकास कार्य, सिंगल विंडो सिस्टम, ग्रेटर नोएडा विकास

Comments (0)
Leave a Comment