ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 सेक्टर में रहने वाले लोगों की परेशानी इन दिनों आसमान छू रही है—और वजह है पास में बना एक ऊंचा बिल्डर प्रोजेक्ट। कावेरी बिल्डर द्वारा डेल्टा-1 सेक्टर में विकसित किए गए लगभग 23 मंजिला रिहायशी प्रोजेक्ट से लगातार सेक्टर के मकानों में कचरा फेंके जाने का आरोप सामने आया है। इस समस्या से सेक्टर के बी-ब्लॉक के लोग लंबे समय से जूझ रहे हैं और अब उनका सब्र जवाब देने लगा है।
घर नहीं, कूड़ादान बनते जा रहे हैं मकान
सेक्टर के बी-ब्लॉक में मकान संख्या 74 से 78 तक रहने वाले लोगों का कहना है कि बिल्डर प्रोजेक्ट में रहने वाले कुछ निवासी बालकनी और खिड़कियों से पानी की खाली बोतलें, खाने का कचरा, प्लास्टिक, पैकेट और अन्य गंदगी नीचे सेक्टर की ओर फेंक देते हैं। कई बार यह कचरा सीधे लोगों के आंगन, छत और बरामदे में गिरता है, जिससे न केवल गंदगी फैल रही है बल्कि हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। “कब ऊपर से क्या गिर जाए, इसका कोई भरोसा नहीं,”—यह कहना है बी-ब्लॉक के एक निवासी का।
RWA ने उठाई आवाज, प्राधिकरण तक पहुंचा मामला
लगातार हो रही इस समस्या को लेकर सेक्टर के लोगों ने आरडब्ल्यूए (रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) के माध्यम से आवाज बुलंद की है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने इस संबंध में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी है। साथ ही बिल्डर प्रबंधन को भी इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।
आर्थिक दंड लगाने की मांग
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने शिकायत पत्र में साफ तौर पर मांग की है कि
कावेरी बिल्डर पर आर्थिक दंड (फाइन) लगाया जाए,
बिल्डर को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं कि उसके प्रोजेक्ट से सेक्टर के मकानों को कोई नुकसान न पहुंचे,
प्रोजेक्ट की सभी बालकनियों में सुरक्षा जाल (नेट) अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि ऊपर से कचरा फेंकने की घटनाएं रोकी जा सकें। उनका कहना है कि जब तक कड़ा कदम नहीं उठाया जाएगा, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों पर खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी गिरने से मच्छर, बदबू और संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। बारिश के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। सेक्टरवासियों को डर है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो यह स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
बिल्डर प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
सेक्टर के लोगों का आरोप है कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार बिल्डर प्रबंधन से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि बिल्डर केवल अपने प्रोजेक्ट तक सीमित सोच रहा है और आसपास के सेक्टरवासियों की सुरक्षा और सुविधा की अनदेखी कर रहा है।
अब प्राधिकरण से उम्मीद
डेल्टा-1 सेक्टर के लोगों को अब ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से न्याय की उम्मीद है। सेक्टरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो वे आगे आंदोलन या उच्च अधिकारियों तक मामला ले जाने को मजबूर होंगे।

Comments (0)
Leave a Comment