दादरी, नोएडा, रफ़्तार टुडे। नोएडा में रेलवे ई-टिकटों की अवैध कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने गदर सॉफ्टवेयर के जरिये ई-टिकटों का अवैध व्यापार करने वाले आरोपी अरबाज आलम को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार को नोएडा के सेक्टर-18 स्थित अट्टा बाजार में एक मोबाइल दुकान पर की गई। आरोपी के पास से 5335 यूजर आईडी बरामद की गई हैं, जिनका उपयोग व्यक्तिगत आईडी पर अवैध रूप से ई-टिकट बनाने के लिए किया जा रहा था।

ई-टिकटों की कालाबाजारी का जाल फैला:

प्रभारी निरीक्षक एसके वर्मा ने बताया कि आरोपी पिछले एक साल से इस अवैध व्यापार में सक्रिय था और हर टिकट पर 500 से 1000 रुपए अधिक लेकर ग्राहकों को बेच रहा था। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ की टीम ने साइबर ब्रांच, भुवनेश्वर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा।

एक लाख रुपए से अधिक के टिकट जब्त:

आरोपी के पास से छापेमारी के दौरान 46 यात्रा टिकट भी बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत एक लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। माना जा रहा है कि अरबाज के पास और भी अवैध टिकट हो सकते हैं, जिन्हें वह छिपाकर रखे हुए था।

वॉट्सऐप के जरिए विभिन्न राज्यों में टिकट सप्लाई:

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि अरबाज वॉट्सऐप के माध्यम से अपने इस अवैध व्यापार को कई राज्यों तक फैला चुका था। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में उसने ऑनलाइन ई-टिकटों की सप्लाई की। पिछले एक साल में उसने लगभग 20 लाख रुपए के टिकटों की अवैध बिक्री की थी। आरोपी ने अवैध व्यापार का जाल सिर्फ नोएडा ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी बिछा रखा था।

मोबाइल जब्त कर फोरेंसिक जांच में भेजा गया:

आरपीएफ टीम ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है, जिसे अब फोरेंसिक लैब में भेजा जाएगा। अधिकारी उम्मीद कर रहे हैं कि इस मोबाइल से और भी महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं, जिससे अरबाज के अन्य साथियों का पता चल सकेगा। प्रभारी निरीक्षक एसके वर्मा का कहना है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ने के लिए कार्रवाई की जाएगी।

हैशटैग #NoidaNews #TicketScam #RailwayTicketFraud #CyberCrime #GreaterNoida #RPFAction #RaftarToday #IllegalTrade #WhatsAppFraud #NoidaCrime #TicketScalping

? Raftar Today व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को टच करें।
Follow the Raftar Today channel on WhatsApp

Twitter (X): Raftar Today (@raftartoday)