26 विजेता टीमों के बीच हुआ कड़ा मुकाबला, हिंदी और संस्कृत में राष्ट्रभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन

दादरी, रफ़्तार टूडे। भारत विकास परिषद पश्चिमी उत्तर प्रदेश (विकास रत्न) प्रांत की ओर से आयोजित प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में दादरी शाखा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 27 सितंबर 2026 को भाऊ राव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर, सेक्टर-12, नोएडा में किया गया।

प्रतियोगिता में प्रांत की विभिन्न शाखाओं से चयनित 26 विजेता टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों ने हिंदी और संस्कृत भाषाओं में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की शानदार सामूहिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देशभक्ति, अनुशासन और सामूहिक गायन का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

छह सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया मूल्यांकन

प्रतियोगिता में हिंदी और संस्कृत दोनों भाषाओं की प्रस्तुतियों का विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा मूल्यांकन किया गया। संस्कृत भाषा की प्रस्तुतियों के लिए संस्कृत एवं संगीत के जानकार तीन निर्णायक तथा हिंदी वर्ग के लिए तीन निर्णायक नियुक्त किए गए थे। कुल छह निर्णायकों के संयुक्त निर्णय के आधार पर प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की गई।

परिणामों की घोषणा प्रांतीय अध्यक्ष श्री कवित बंसल, प्रांतीय महासचिव श्रीमती मुक्ता अग्रवाल तथा क्षेत्रीय सचिव एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक श्री प्रमोद गर्ग द्वारा की गई। प्रतियोगिता में सुशीला इंटर कॉलेज, गाजियाबाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सिटी हार्ट एकेडमी, कठेहरा रोड, दादरी की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सेंट टेरेसा स्कूल, इंदिरापुरम की टीम तृतीय स्थान पर रही।

क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में मिलेगा प्रतिभाग करने का अवसर

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को आगामी क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, यदि किसी कारणवश प्रथम स्थान प्राप्त टीम क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग नहीं करती है, तो द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा। ऐसे में दादरी की सिटी हार्ट एकेडमी की टीम के लिए आगे बढ़ने का भी अवसर बना हुआ है।

दादरी शाखा और स्कूल प्रबंधन ने दी बधाई

दादरी शाखा के अध्यक्ष श्री एन.के. शर्मा ने सिटी हार्ट एकेडमी की विजेता टीम को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे दादरी क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। सिटी हार्ट एकेडमी के प्रबंधक श्री संदीप भाटी और प्रधानाचार्या श्रीमती रुचि भाटी ने भी सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी इसी प्रकार मेहनत और लगन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया, ताकि आगामी प्रतियोगिता में टीम प्रथम स्थान हासिल कर सके। प्रतियोगिता में मिली इस उपलब्धि से दादरी शाखा और सिटी हार्ट एकेडमी से जुड़े विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल है।