जेवर, रफ़्तार टूडे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी देकर किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया। अपने संबोधन में सीईओ राकेश कुमार सिंह ने स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए देशवासियों द्वारा किए गए संघर्ष और असंख्य बलिदानों को याद करते हुए स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आजादी केवल अधिकारों का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का भी बोध कराती है।

उन्होंने यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शासन की विकासपरक योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में यमुना प्राधिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है।

औद्योगिक क्लस्टरों से बढ़ेंगे निवेश और रोजगार के अवसर

सीईओ ने यीडा क्षेत्र में विकसित किए जा रहे विभिन्न औद्योगिक क्लस्टर आधारित पार्कों की उपलब्धियों और संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, डाटा सेंटर पार्क और सेमीकंडक्टर पार्क को क्षेत्र के औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। औद्योगिक विकास को जेवर क्षेत्र में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मिलने वाली कनेक्टिविटी का भी लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में यीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने स्वतंत्रता प्राप्ति के इतिहास और भारत की 80 वर्षों की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वास्थ्य, खाद्यान्न उत्पादन, अंतरिक्ष विज्ञान, मानव विकास, लोकतांत्रिक व्यवस्था, निष्पक्ष चुनाव, भारतीय सेना, कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण से पूरे क्षेत्र के विकास की संभावनाएं तेजी से बढ़ी हैं। एयरपोर्ट के आसपास एविएशन और एमआरओ (Maintenance, Repair and Overhaul) जैसी गतिविधियों के साथ नए औद्योगिक अवसर पैदा होंगे।

भाटिया ने ईएमसी क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग तथा एचसीएल-फॉक्सकॉन से जुड़ी सेमीकंडक्टर परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यीडा क्षेत्र आने वाले वर्षों में देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं तकनीकी केंद्रों में शामिल हो सकता है।

स्वतंत्रता और स्वाधीनता के विभिन्न आयामों पर चर्चा

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता और स्वाधीनता के बीच अंतर को स्पष्ट करते हुए इसके विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय आयामों पर विचार व्यक्त किए। विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के प्रति नागरिकों के दायित्वों पर प्रकाश डाला। उन्होंने देशप्रेम, सामाजिक सौहार्द और मानवता पर आधारित कविताओं एवं नज्मों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक वित्त अशोक कुमार सिंह ने किया।

स्कूली बच्चों और शिक्षकों को किया सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली विद्यार्थियों और शिक्षकों को सीईओ राकेश कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बच्चों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक परियोजना राजेंद्र भाटी, भूलेख विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सीनियर स्टाफ ऑफिसर नंद किशोर सुंदरियाल, पुलिसकर्मी, पूर्व सैनिक तथा यमुना प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।