सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण के खिलाफ कार्रवाई तेज, तिलपता चौक से चारमूर्ति अंडरपास और गौड़ सिटी तक अधिकारियों ने किया निरीक्षण; सफाई और मैकेनिकल स्वीपिंग दुरुस्त करने की चेतावनी
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्ती बढ़ा दी है। सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को प्राधिकरण के तीनों एसीईओ ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था और प्रदूषण नियंत्रण के इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर धूल मिलने और सफाई में लापरवाही सामने आने पर दो कंपनियों ईएसएसएआई और एंटोनी वेस्ट कंपनी पर कुल 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। दोनों कंपनियों से जुर्माने की राशि उनके आगामी भुगतान से काटी जाएगी।
तिलपता चौक पर धूल मिलने पर ईएसएसएआई पर 50 हजार का जुर्माना
एसीईओ प्रेरणा सिंह और एसीईओ सुमित यादव ने डीजीएम विजय रावल तथा वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के साथ शुक्रवार शाम 130 मीटर रोड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तिलपता चौक, राइज पुलिस चौकी, ऐस सिटी और चारमूर्ति अंडरपास के आसपास सफाई और धूल नियंत्रण के इंतजामों को देखा।
निरीक्षण के दौरान तिलपता के पास सड़क पर धूल मिलने पर एसीईओ ने नाराजगी जताई। इसके लिए जिम्मेदार फर्म ईएसएसएआई पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, राइज पुलिस चौकी के आसपास धूल नियंत्रण के लिए पानी का अधिक छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए।

गौड़ सिटी क्षेत्र में लापरवाही पर एंटोनी वेस्ट कंपनी पर एक लाख का जुर्माना
गौड़ सिटी और उसके आसपास के क्षेत्रों में भी अधिकारियों को सड़कों पर धूल मिली। सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर एंटोनी वेस्ट कंपनी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह दोनों कंपनियों पर कुल 1.50 लाख रुपये की कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण अधिकारियों ने दोनों कंपनियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और मैकेनिकल स्वीपिंग प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी लापरवाही मिलने पर अनुबंध की शर्तों के तहत और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साकीपुर अंडरपास और सिरसा गोलचक्कर का भी निरीक्षण
इससे पहले एसीईओ नुपुर गोयल ने साकीपुर अंडरपास के पास सड़क का निरीक्षण किया। यहां सड़क क्षतिग्रस्त मिलने पर उसकी मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने तत्काल धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव कराने को भी कहा। इसके बाद एसीईओ ने सिरसा गोलचक्कर के आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया और वहां भी पानी का छिड़काव बढ़ाने के निर्देश दिए।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों और व्यस्त मार्गों पर धूल के स्तर को नियंत्रित करना तथा सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना है। सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर अधिकारियों की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण और लापरवाही पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है।
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर प्राधिकरण की सख्ती, सड़कों पर धूल मिलने पर दो कंपनियों पर 1.50 लाख रुपये का जुर्माना; तीनों ACEO ने किया निरीक्ष, ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्राधिकरण ने कार्रवाई तेज की। सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल ने अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण किया। तिलपता चौक और गौड़ सिटी में सड़कों पर धूल मिलने पर ईएसएसएआई और एंटोनी वेस्ट कंपनी पर कुल 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
ग्रेटर नोएडा प्रदूषण, डॉ. बलकार सिंह, 1.5 लाख जुर्माना, ईएसएसएआई, एंटोनी वेस्ट, तिलपता चौक, गौड़ सिटी, मैकेनिकल स्वीपिंग

Comments (0)
Leave a Comment