ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कूड़े से धुआं उठने के बाद साक्ष्यों के आधार पर सोसाइटी पर कार्रवाई; खाली प्लॉट में हॉर्टिकल्चर वेस्ट डालने पर डंपर जब्त, 40 हजार रुपये का जुर्माना

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। शहर में अवैध रूप से कूड़ा फेंकने और ठोस अपशिष्ट का उचित प्रबंधन नहीं करने वालों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक अवैध डंपिंग स्थल पर कूड़े से धुआं उठने की सूचना मिलने के बाद प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की मदद से आग बुझाने के बाद कूड़े से मिले साक्ष्यों के आधार पर सेक्टर-4 स्थित एम्स गोल्ड होम सोसाइटी पर 40,400 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई में खाली प्लॉट में हॉर्टिकल्चर वेस्ट डालते पकड़े गए डंपर को जब्त कर 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कूड़े से मिले साक्ष्यों के आधार पर सोसाइटी पर कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जनस्वास्थ्य विभाग को ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक अवैध डंपिंग स्थल पर कूड़े से धुआं उठने की सूचना मिली थी। सूचना पर विभागीय टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दमकल की सहायता से आग बुझवाई। इसके बाद कूड़े से मिले साक्ष्यों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग के सहायक प्रबंधक गौरव बघेल के नेतृत्व में टीम ने सेक्टर-4 स्थित एम्स गोल्ड होम सोसाइटी पहुंचकर जांच की। प्राधिकरण के अनुसार, बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आने के बावजूद ठोस कचरे का उचित प्रबंधन नहीं करने और अवैध डंपिंग स्थल पर कूड़ा फेंकने के मामले में सोसाइटी पर 40,400 रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बड़े स्तर पर कचरा उत्पन्न करने वाली सोसाइटियों और अन्य संस्थानों को निर्धारित नियमों के अनुसार कचरे का निस्तारण करना जरूरी है।

खाली प्लॉट में हॉर्टिकल्चर वेस्ट डालते पकड़ा डंपर

अवैध डंपिंग के खिलाफ दूसरी कार्रवाई में प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक आरके भारती ने अपनी टीम के साथ सेक्टर पाई-1 और पाई-2 की सर्विस रोड पर 130 मीटर रोड के पास जांच की। इस दौरान एक डंपर में भरा हॉर्टिकल्चर वेस्ट पास के खाली प्लॉट में डाला जा रहा था। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए डंपर जब्त कर लिया और 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाली प्लॉटों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा डालने की गतिविधियों पर रोक लगाना है।

एसीईओ ने की कचरे का उचित प्रबंधन करने की अपील

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बल्क वेस्ट जनरेटरों से अपील की है कि वे अपने यहां उत्पन्न होने वाले कचरे का नियमानुसार प्रबंधन और निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने शहरवासियों से भी ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग देने का आग्रह किया।

प्राधिकरण ने साफ किया है कि अवैध रूप से कूड़ा फेंकने, खाली प्लॉटों में अपशिष्ट डालने और कचरे का उचित प्रबंधन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए संस्थानों, सोसाइटियों और नागरिकों से नियमों का पालन करने की अपेक्षा की गई है।