वर्ष 2005 से निभाई जा रही परंपरा के तहत हुआ आयोजन, चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा सहित संस्थान के पदाधिकारियों ने की पूजा-अर्चना; विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मां वैष्णो देवी का लिया आशीर्वाद
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में परंपरानुसार भव्य माँ की चौकी का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, नवागंतुक छात्रों के अभिभावकों और शहर के गणमान्य लोगों ने परिवार सहित भाग लिया। माँ दुर्गा की आराधना, भजनों और जय माता दी के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के प्रत्येक परिसर में माँ की चौकी आयोजित करने की परंपरा वर्ष 1995 से चली आ रही है। वहीं, आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में वर्ष 2005 से इस परंपरा का नियमित निर्वहन किया जा रहा है। संस्थान की परंपरा के अनुसार, प्रत्येक शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में माँ का आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से इस आयोजन का किया जाता है।
भव्य पंडाल में स्थापित की गईं देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं
कार्यक्रम के लिए माँ दुर्गा का भव्य पंडाल सजाया गया। इसमें माँ वैष्णो देवी के साथ श्री गणेश जी, भगवान शिव, श्री राधा-कृष्ण, भगवान श्रीराम और हनुमान जी की मनमोहक मूर्तियां स्थापित की गईं। सजे हुए पंडाल में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मां के चरणों में शीश नवाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
माँ की चौकी का शुभारंभ आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा, वाइस चेयरमैन सोहेल चड्ढा, सेक्रेटरी बी.के. अरोड़ा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सूद, संस्थान के निदेशक डॉ. मयंक गर्ग, डीन एकेडमिक्स, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. संजय यादव, डीन डॉ. विष्णु शर्मा और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने माँ की पूजा-अर्चना एवं आराधना के साथ किया।

भजनों और जयकारों से गूंजा आईटीएस परिसर
पूरे आयोजन के दौरान परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने माँ के प्रसिद्ध भजन “चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है” और “पौड़ी-पौड़ी चढ़ता जा, जय माता दी गाता जा” का सामूहिक गायन किया। माँ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।
इस अवसर पर आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के सभी विद्यार्थियों के साथ नवागंतुक विद्यार्थियों के माता-पिता और ग्रेटर नोएडा के गणमान्य व्यक्तियों को भी सपरिवार आमंत्रित किया गया था।
विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मां से मांगा आशीर्वाद
माँ की चौकी में विद्यार्थियों ने माँ वैष्णो देवी की पूजा-अर्चना कर अपने उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, विद्यार्थियों के माता-पिता और अभिभावकों ने भी माँ के चरणों में नमन करते हुए अपने परिवार और संतानों की सद्बुद्धि, सुख-समृद्धि तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम के समापन पर आईटीएस परिवार के सभी सदस्यों ने अतिथियों और आगंतुकों के साथ माँ की आरती में हिस्सा लिया। इसके बाद सभी ने माँ का आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद ग्रहण किया। शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्टाफ सदस्यों और अतिथियों की सहभागिता के साथ धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में भव्य माँ की चौकी का आयोजन, मां वैष्णो देवी के दरबार में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने टेका माथा, ग्रेटर नोएडा के आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में वर्ष 2005 से चली आ रही परंपरा के तहत भव्य माँ की चौकी आयोजित की गई। चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा सहित संस्थान के पदाधिकारियों ने पूजा-अर्चना की। विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों ने भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद में भाग लिया।

Comments (0)
Leave a Comment