107 वाटर टैंकर और 32 एंटी स्मॉग गन से हो रहा पानी का छिड़काव, 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से होगी सड़कों की सफाई; वर्ष 2026 में प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर 100 लोगों पर लगाया गया 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। शहर के 11 चिह्नित हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए 21 टीमें गठित की गई हैं। धूल को नियंत्रित करने के लिए 107 वाटर टैंकर और 32 ट्रक व एंटी स्मॉग गन के माध्यम से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। वहीं, 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई की जा रही है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने 27 नवंबर को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अगले दो महीने तक विशेष अभियान चलाने और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नूपुर गोयल भी मौजूद रहीं।

11 हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी, 21 टीमें गठित

उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ग्रेटर नोएडा में 11 स्थानों को प्रदूषण के हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया है। इनमें गौड़ चौक अंडरपास, मकौड़ा गोलचक्कर, तिलपता गोलचक्कर, एसीई गोलचक्कर से 130 मीटर रोड और सीआरपीएफ कैंप से फेज-दो नोएडा रोड सहित अन्य स्थान शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सड़क की धूल, क्षतिग्रस्त सड़कें और निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल को वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों में शामिल किया गया है। इन सभी स्थानों पर निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। उन्हें नियमित निरीक्षण करने और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

107 वाटर टैंकर और 32 एंटी स्मॉग गन से धूल पर नियंत्रण

प्राधिकरण के मुताबिक, धूल प्रभावित सड़कों पर 107 वाटर टैंकर और 32 ट्रक व एंटी स्मॉग गन के माध्यम से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके अलावा 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई कराई जा रही है। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। सफाई कार्य से पहले और बाद की तस्वीरें भी रिकॉर्ड में रखी जाएं, ताकि कार्रवाई की निगरानी और उसका आकलन किया जा सके।

निर्माण स्थलों पर 247 एंटी स्मॉग गन, बैरिकेडिंग की भी जांच

निर्माणाधीन स्थलों पर धूल उड़ने से रोकने के लिए 247 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं। अधिकारियों को इन स्थलों पर बैरिकेडिंग और व्हील वॉशिंग की व्यवस्था की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण स्थलों पर निर्धारित प्रदूषण नियंत्रण उपायों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही शहर में चिह्नित 56 कूड़ा जमा होने वाले स्थानों (गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स यानी जीवीपी) की सफाई और सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्राधिकरण का जोर इन स्थानों पर दोबारा कूड़ा जमा होने से रोकने और नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर है।

प्रदूषण नियम तोड़ने वालों पर 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना

समीक्षा बैठक में प्रदूषण नियंत्रण और ग्रेप नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा भी प्रस्तुत किया गया। प्राधिकरण के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 100 उल्लंघनकर्ताओं पर कुल 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसमें निर्माण कार्यों से जुड़े 36 मामलों में 48.10 लाख रुपये, आरएमसी प्लांट से संबंधित 48 मामलों में 4.65 करोड़ रुपये, कूड़ा जलाने के तीन मामलों में 2.25 लाख रुपये और अन्य 13 मामलों में 12.70 लाख रुपये का जुर्माना शामिल है।

सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगाए गए जुर्माने की वसूली सुनिश्चित की जाए। जो लोग निर्धारित समय में जुर्माना जमा नहीं करते, उनके खिलाफ रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) जारी करने की कार्रवाई की जाए।

बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सफाई के निर्देश

प्रदूषण नियंत्रण के लिए केवल सड़कों और निर्माण स्थलों तक सीमित न रहते हुए प्राधिकरण ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। साप्ताहिक बाजारों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में नियमित सफाई, कूड़े के उचित निस्तारण और बागवानी कचरे से कंपोस्ट तैयार करने पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर लकड़ी जलाकर हीटर इस्तेमाल करने के बजाय इलेक्ट्रिक या गैस हीटर को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण का लक्ष्य अगले दो महीनों तक लगातार निगरानी और कार्रवाई के जरिए शहर में धूल और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों पर नियंत्रण करना है।

Greater Noida Pollution News: ग्रेनो में प्रदूषण के खिलाफ प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, 11 हॉटस्पॉट पर 21 टीमें तैनात, 107 वाटर टैंकर और 247 एंटी स्मॉग गन से होगी निगरानी, ग्रेटर नोएडा में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्राधिकरण ने दो महीने का विशेष अभियान शुरू किया है। 11 हॉटस्पॉट पर 21 टीमें निगरानी करेंगी। 107 वाटर टैंकर, 32 एंटी स्मॉग गन और 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से धूल नियंत्रण किया जा रहा है। वर्ष 2026 में 100 उल्लंघनकर्ताओं पर 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।