13 से 15 दिसंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर में होगा तीन दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे उद्घाटन; भजन क्लबिंग, भक्ति कॉन्क्लेव और भक्ति बाजार होंगे मुख्य आकर्षण
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा में तीन दिवसीय ‘ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026’ का आयोजन होने जा रहा है। 13 से 15 दिसंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देशभर के संतों, आध्यात्मिक गुरुओं, धर्माचार्यों, कलाकारों और संस्कृति से जुड़े विशिष्ट लोगों का संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, इसे एशिया का प्रथम एवं सबसे बड़ा वैश्विक भक्ति महोत्सव बनाया जा रहा है। आयोजन इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) की ओर से किया जाएगा।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के आध्यात्मिक प्रतिनिधियों की सहभागिता होगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और युवाओं को भक्ति, ध्यान, संगीत और भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने के लिए भजन क्लबिंग, आध्यात्मिक कॉन्क्लेव और भक्ति बाजार जैसे विशेष आयोजन भी होंगे।
मीडिया संवाद में संतों, आध्यात्मिक गुरुओं और आयोजकों ने साझा किया विजन
ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 के आयोजन से पहले मीडिया संवाद आयोजित किया गया। इसमें आध्यात्मिक जगत, कला, संस्कृति और आयोजन से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। इस अवसर पर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी जी महाराज, वरिष्ठ महामंडलेश्वर, पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी; परम पूज्य गोस्वामी सुशील जी महाराज, राष्ट्रीय संयोजक, भारतीय सर्व धर्म संसद; योगी प्रियव्रत अनीमेश, आध्यात्मिक चिंतक एवं मार्गदर्शक तथा उज्जैन की प्रतिष्ठित कलाकार फाल्गुनी अग्रवाल मौजूद रहीं।
आयोजकों की ओर से इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार, ग्लोबल भक्ति फेस्ट के सह-संस्थापक एवं इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के सीईओ बरुण गुप्ता तथा सह-संस्थापक एवं सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस के निदेशक सिद्धांत भाटिया ने आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी।
युवा पीढ़ी को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ना है उद्देश्य: डॉ. राकेश कुमार
इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि ग्लोबल भक्ति फेस्ट का मूल उद्देश्य युवा भारत को अपनी सभ्यतागत ज्ञान परंपरा की गहराई से परिचित कराना है। महोत्सव का प्रयास अध्यात्म को केवल धार्मिक अनुष्ठानों और ग्रंथों तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का रोचक और सार्थक हिस्सा बनाना है।
ग्लोबल भक्ति फेस्ट के सह-संस्थापक एवं इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के सीईओ बरुण गुप्ता ने कहा कि आयोजन के माध्यम से सनातन की विविध विचारधाराओं और आध्यात्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा भारत की धरती से पूरी दुनिया को शांति का संदेश देना उनका उद्देश्य है।
इंडिया एक्सपो सेंटर तीर्थ बनने जा रहा है: स्वामी प्रेमानंद पुरी जी महाराज
श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी जी महाराज ने कहा कि इंडिया एक्सपो सेंटर इस आयोजन के दौरान तीर्थस्थल का स्वरूप लेने जा रहा है। जिन संतों के दर्शन के लिए श्रद्धालु कुंभ में हजारों किलोमीटर की यात्रा करते हैं, उनके दर्शन 13 दिसंबर को ग्रेटर नोएडा में सहज और सुलभ होंगे। उन्होंने इसे ऐसा अवसर बताया, मानो भक्ति की गंगा स्वयं श्रद्धालुओं के द्वार पर आ रही हो।
परम पूज्य गोस्वामी सुशील जी महाराज ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की धरती पर आध्यात्मिक इतिहास का नया अध्याय लिखा जा रहा है, जिसकी पहचान विश्वभर में होगी। उन्होंने डॉ. राकेश कुमार की तपस्या और दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से इंडिया एक्सपो मार्ट इस विराट भक्ति समागम का साक्षी बनने जा रहा है। वहीं, ग्लोबल भक्ति फेस्ट के सह-संस्थापक एवं सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस के निदेशक सिद्धांत भाटिया ने महोत्सव के मूल विजन ‘ध्यानं, ज्ञानं, विज्ञानं एवं प्रज्ञानं’ को रेखांकित किया। उन्होंने मीडियाकर्मियों से इस आध्यात्मिक अभियान का सहभागी बनने और भक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे उद्घाटन, गजेंद्र सिंह शेखावत होंगे मुख्य अतिथि
ग्लोबल भक्ति फेस्ट का उद्घाटन 13 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे भारत सरकार के केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे। वहीं, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत 14 दिसंबर को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, विख्यात संत, आध्यात्मिक गुरु और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की भी महोत्सव में सहभागिता रहेगी।
10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में होगा आयोजन
ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 का आयोजन 10,000 वर्गमीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इसमें 100 से अधिक प्रदर्शक ब्रांड, 20,000 से अधिक बी2बी एवं बी2सी खरीदार और 2,000 से अधिक विशिष्ट प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा प्रतिदिन 10,000 से अधिक संगीत प्रेमियों के पहुंचने का अनुमान है।
महोत्सव को तीन प्रमुख हिस्सों में विभाजित किया गया है:
1. जीबीएफ एक्सपो (भक्ति बाजार): इस प्रदर्शनी में आगंतुकों को प्रामाणिक एवं शुद्ध पूजा सामग्री, पवित्र अर्पण सामग्री, धार्मिक ग्रंथ, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, धार्मिक कलाकृतियां और मंदिरों से जुड़ी सामग्री देखने, खरीदने और उनकी सोर्सिंग करने का अवसर मिलेगा।
2. जीबीएफ कॉन्फ्लुएंस (भक्ति कॉन्क्लेव): इस मंच पर संत, साध्वियां, आध्यात्मिक गुरु, विद्वान, नीति निर्माता, प्रेरक वक्ता, रहस्यवादी साधक और स्वास्थ्य एवं कल्याण विशेषज्ञ अपने विचार और अनुभव साझा करेंगे। इसका उद्देश्य आध्यात्मिक विचारों, मान्यताओं और दृष्टिकोणों का सार्थक आदान-प्रदान करना है।
3. जीबीएफ कॉन्सर्ट (भजन क्लबिंग): यह महोत्सव का प्रमुख संगीतमय आकर्षण होगा। इसमें पारंपरिक भजनों और कीर्तन के साथ मंत्रोच्चार, शास्त्रीय संगीत, सूफी संगीत, फ्यूजन, इलेक्ट्रॉनिका और समकालीन भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार और विशेष अतिथि इसमें हिस्सा लेंगे।
अध्यात्म, संगीत और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम
ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 को केवल आस्था के उत्सव तक सीमित नहीं रखा गया है। आयोजकों का उद्देश्य भक्ति के माध्यम से आत्मखोज, सांस्कृतिक चेतना और आत्मबोध की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस मंच पर भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, आध्यात्मिक विचारधारा और आधुनिक प्रस्तुति शैली का संगम देखने को मिलेगा।
ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय महोत्सव संतों और धर्मगुरुओं के विचारों से लेकर भक्ति संगीत और धार्मिक उत्पादों तक, भारतीय आध्यात्मिक विरासत के विविध स्वरूपों को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा।

Comments (0)
Leave a Comment