ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 91वीं बोर्ड बैठक में क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाले कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं यीडा अध्यक्ष आलोक कुमार ने की, जबकि मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर प्रस्तुति दी। बैठक में औद्योगिक विकास, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा अनुसंधान, परिवहन, व्यापार, होटल और किसानों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
वित्तीय स्थिति मजबूत, आय में दर्ज हुई उल्लेखनीय बढ़ोतरी
बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 की पहली तिमाही की वित्तीय स्थिति का भी ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 1,371.75 करोड़ रुपये रहीं, जबकि कुल व्यय 2,101.96 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। औद्योगिक विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार राजस्व प्राप्त हो रहा है और चालू वित्तीय वर्ष में भी विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है।
हाईराइज इमारतों की सुरक्षा के लिए 50 करोड़ रुपये मंजूर
नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही ऊंची इमारतों को देखते हुए बोर्ड ने अग्नि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। शासन के निर्देशों के अनुपालन में उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा के लिए 50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। इस राशि का उपयोग अत्याधुनिक अग्निशमन संसाधनों और आपातकालीन बचाव व्यवस्था को मजबूत करने में किया जाएगा, जिससे किसी भी दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत उपलब्ध कराई जा सके।

औद्योगिक पार्कों में तेजी से बढ़ रहा निवेश
बोर्ड के समक्ष एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, टेक पार्क, अपैरल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। बताया गया कि बीते एक माह में 63 औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 18 इकाइयों में लगभग 118 लोगों को रोजगार मिल चुका है। इसके अतिरिक्त 62 नए भूखंडों की स्वीकृति, 84 भवनों में निर्माण गतिविधि प्रारंभ होने तथा 15 उद्योगों में उत्पादन शुरू होने की जानकारी भी दी गई। साथ ही 12 इकाइयों का फैक्ट्री अधिनियम के अंतर्गत पंजीकरण भी किया गया।
ई-बस और हाइड्रोजन बसों को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में यीडा क्षेत्र में ई-बस और हाइड्रोजन बसों के संचालन की समीक्षा भी की गई। बोर्ड ने निर्देश दिए कि आम जनता को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को मिली नई दिशा
ग्राम जगनपुर अफजलपुर में वैज्ञानिक तरीके से ठोस अपशिष्ट (Solid Waste) के निस्तारण के लिए YIAPL को लगभग 200 मीटर भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इस परियोजना से क्षेत्र में आधुनिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
नोएडा एयरपोर्ट के पास बनेगा नया इंडस्ट्रियल नोड
बोर्ड बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दक्षिण और आगरा की ओर इंडस्ट्रियल नोड विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। माना जा रहा है कि यह परियोजना एयरपोर्ट आधारित उद्योगों, लॉजिस्टिक्स और निवेश को नई गति देगी तथा हजारों रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी।
इंटरनेशनल ट्रेड सिटी और होटल योजनाओं को भी मिली मंजूरी
बैठक में Yiwu International Trade City परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा भविष्य में लाई जाने वाली व्यावसायिक होटल योजनाओं में नोएडा प्राधिकरण की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और निवेश गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय
यीडा के ग्राम जनेरा में अतिरिक्त औद्योगिक विकास के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण पर भी चर्चा हुई। बोर्ड ने निर्णय लिया कि किसानों को भूमि क्रय के तुरंत बाद 7 प्रतिशत अतिरिक्त विकसित भूखंड का आरक्षण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे किसानों के हित सुरक्षित रहेंगे और विकास परियोजनाओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होगी।
आईसीएमआर को मिली 30 एकड़ भूमि
स्वास्थ्य और चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में बड़ी पहल करते हुए यीडा बोर्ड ने सेक्टर-9 में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) को 30 एकड़ भूमि आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। यहां अत्याधुनिक एडवांस्ड रिसर्च फैसिलिटी स्थापित की जाएगी, जिससे चिकित्सा अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।
सड़क और भूमि अधिग्रहण परियोजनाओं को भी मिली मंजूरी
बैठक में सेक्टर-8, 8A और 31 सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण, मास्टर प्लान के अनुरूप भूमि क्रय तथा अन्य आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई। इन फैसलों से यीडा क्षेत्र में औद्योगिक, आवासीय और व्यावसायिक विकास को और गति मिलने की उम्मीद है। यीडा की 91वीं बोर्ड बैठक में लिए गए इन निर्णयों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र के समग्र विकास, निवेश आकर्षित करने, आधुनिक आधारभूत संरचना तैयार करने और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र देश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है।

Comments (0)
Leave a Comment