11 से 21 अक्टूबर तक होगा रामलीला मंचन, 15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम बारात; 20 अक्टूबर को रावण दहन के साथ मनाया जाएगा विजयदशमी उत्सव

नोएडा, रफ़्तार टूडे। नोएडा के सेक्टर-62 स्थित सी-ब्लॉक रामलीला मैदान में श्रीराम मित्र मंडल, नोएडा की ओर से आयोजित होने वाली श्रीरामलीला मंचन की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ भूमि पूजन के साथ हुआ। आगामी 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक होने वाले रामलीला मंचन से पहले रामलीला स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की भूमिका निभाने वाले कलाकार पूर्ण स्वरूप में मौजूद रहे।

सेक्टर-62 रामलीला मैदान भूमि पूजन के दौरान पंडित जी ने विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई और देवी-देवताओं की आरती की गई। इसके बाद भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और हनुमान जी की आरती की गई। धार्मिक वातावरण में हुए भूमि पूजन के साथ ही रामलीला आयोजन को लेकर तैयारियों का औपचारिक रूप से आगाज हो गया।

समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों का किया स्वागत

इस अवसर पर श्रीराम मित्र मंडल, नोएडा के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया। उन्होंने रामलीला आयोजन में सहयोग के लिए नोएडा प्राधिकरण, नोएडा पुलिस और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

नोएडा विधायक पंकज सिंह के प्रतिनिधि अनिल सिंह और समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग ने उपस्थित लोगों को श्रीरामलीला आयोजन की शुभकामनाएं दीं। समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

सेक्टर-62 रामलीला मैदान : भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ मंच और पुतले बनाने का काम

भूमि पूजन के साथ ही रामलीला मैदान में आयोजन से जुड़ी तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर रामलीला का मंच तैयार करने, रावण सहित अन्य पुतले बनाने और झूले आदि लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। समिति की ओर से आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

15 अक्टूबर को निकलेगी राम बारात शोभायात्रा

श्रीराम मित्र मंडल की ओर से आयोजित रामलीला के दौरान इस वर्ष 15 अक्टूबर को भव्य राम बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से होते हुए सेक्टर-62 स्थित श्रीरामलीला स्थल पर पहुंचेगी।

वहीं 20 अक्टूबर को दशहरा के अवसर पर रावण के वध और पुतला दहन के साथ विजयदशमी उत्सव मनाया जाएगा। रामलीला मंचन के लिए मुरादाबाद की जानकी कला मंच की मंडली के कलाकार प्रस्तुति देंगे।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार गर्ग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतनारायण गोयल, बजरंगलाल गुप्ता, रविन्द्र चौधरी, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र गर्ग, सहकोषाध्यक्ष अनिल गोयल, धर्मेंद्र चौहान, मनोज शर्मा, मुकेश गुप्ता, मुकेश गोयल, पवन गोयल, एस.एम. गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, नवीन पोरवाल, अनंत वर्मा, राजेश माथुर, डॉ. एसपी जैन, डॉ. अनिल त्यागी, डॉ. सूर्यकांत शर्मा, बाबूराम शर्मा और एमएल अरोड़ा सहित समिति के पदाधिकारी, स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

भूमि पूजन के साथ शुरू हुई तैयारियों के बाद अब सेक्टर-62 रामलीला मैदान में मंच निर्माण, पुतला निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं का काम तेजी से आगे बढ़ेगा। समिति की ओर से 11 से 21 अक्टूबर तक रामलीला मंचन के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।