13 जुलाई 2026 को सौंपे गए ज्ञापन पर भी कार्रवाई आख्या का इंतजार, FONRWA ने पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की उठाई मांग
नोएडा, रफ़्तार टूडे। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (FONRWA) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) कृष्णा करुणेश से जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर FONRWA की कार्यकारिणी के साथ शीघ्र बैठक आयोजित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि नोएडा के लाखों निवासियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार बैठक का अनुरोध किए जाने के बावजूद अभी तक बैठक की तिथि निर्धारित नहीं की गई है।
FONRWA के पदाधिकारियों के अनुसार, संगठन पिछले छह माह से अधिक समय से नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के साथ बैठक आयोजित करने का अनुरोध कर रहा है। इस संबंध में कई बार व्यक्तिगत रूप से भी निवेदन किया गया। FONRWA का कहना है कि CEO के निर्देश के बाद संगठन ने 13 जुलाई 2026 को बैठक का विस्तृत एजेंडा और ज्ञापन भी नोएडा प्राधिकरण को उपलब्ध कराया था।
लंबे इंतजार के बाद भी बैठक की तारीख तय नहीं
FONRWA के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि यह अत्यंत खेद का विषय है कि लंबे समय से अनुरोध किए जाने के बावजूद अभी तक बैठक की कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि FONRWA द्वारा उठाए गए मुद्दे केवल किसी एक संस्था या क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नोएडा के लाखों निवासियों की नागरिक सुविधाओं और जनहित से जुड़े विषय हैं। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दिए गए ज्ञापन में नागरिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान के साथ-साथ नोएडा प्राधिकरण के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के संबंध में भी सुझाव दिए गए हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से संबंधित शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता पर भी ध्यान आकर्षित किया गया है।
FONRWA अध्यक्ष के मुताबिक, ऐसे महत्वपूर्ण जनहित के विषयों पर प्राधिकरण और नागरिक प्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद बेहद जरूरी है, जिससे समस्याओं की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और उनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जा सके।
CEO के निर्देश के बाद भी कार्रवाई आख्या नहीं मिली
FONRWA के महासचिव के.के. जैन ने कहा कि 23 जुलाई 2026 को मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि FONRWA द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में उठाए गए विभिन्न बिंदुओं और समस्याओं पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए आख्या प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया था कि संबंधित मामलों पर कार्रवाई के बाद FONRWA के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई की जा सके। लेकिन FONRWA के अनुसार, काफी समय बीत जाने के बावजूद संगठन को अपेक्षित कार्रवाई आख्या उपलब्ध नहीं कराई गई है।

9 अक्टूबर 2025 की बैठक के फैसलों पर भी कार्रवाई का सवाल
महासचिव के.के. जैन ने कहा कि 9 अक्टूबर 2025 को नोएडा प्राधिकरण के साथ हुई बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर भी अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि किसी भी आधिकारिक बैठक में नागरिक हित से जुड़े मुद्दों पर लिए गए निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। यदि निर्णयों पर समय से कार्रवाई नहीं होती है तो नागरिकों की समस्याएं लंबित बनी रहती हैं और बैठकों का उद्देश्य भी प्रभावित होता है।
FONRWA का कहना है कि संगठन प्राधिकरण के साथ टकराव की बजाय सकारात्मक और रचनात्मक संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान चाहता है। संगठन की मांग है कि लंबित मुद्दों पर विभागवार कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट की जाए और जिन मामलों में निर्णय लिए जा चुके हैं, उन्हें निर्धारित समयसीमा में लागू किया जाए।
FONRWA ने CEO के सामने रखी प्रमुख मांगें
FONRWA ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश से मांग की है कि:
- FONRWA की कार्यकारिणी के साथ शीघ्र बैठक की तिथि निर्धारित की जाए।
- 13 जुलाई 2026 को प्रस्तुत ज्ञापन के प्रत्येक बिंदु पर संबंधित विभागों की कार्रवाई आख्या उपलब्ध कराई जाए।
- 9 अक्टूबर 2025 की बैठक में लिए गए लंबित निर्णयों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- नोएडा प्राधिकरण के कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को मजबूत किया जाए।
- भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी से संबंधित शिकायतों पर प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- नागरिक संगठनों के साथ नियमित संवाद की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।
जनहित के मुद्दों पर संवाद जरूरी: के.के. जैन
FONRWA महासचिव के.के. जैन ने कहा कि संगठन नोएडा के निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि FONRWA का उद्देश्य प्राधिकरण की कार्यप्रणाली में सहयोग करते हुए नागरिक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी इस विषय को गंभीरता से लेते हुए FONRWA की कार्यकारिणी के साथ शीघ्र बैठक आयोजित करेंगे और लंबित जनहित के मामलों पर संबंधित अधिकारियों से ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे
— के.के. जैन
महासचिव, FONRWA

Comments (0)
Leave a Comment