बिसरख थाने में ओनर्स एसोसिएशन और फैसिलिटी मैनेजमेंट के बीच बनी सहमति, एडवांस जमा करने वाले ओनर्स की राशि जनवरी 2027 से होगी एडजस्ट

ग्रेटर नोएडा वेस्ट, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के प्रमुख कॉमर्शियल प्रोजेक्ट ग्रैंडथुम में लंबे समय से चल रहा मेंटेनेंस विवाद समाप्त हो गया है। ग्रैंडथुम ओनर्स एसोसिएशन और फैसिलिटी मैनेजमेंट के बीच बिसरख थाने में हुई समझौता वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई। समझौते के तहत ए और बी टावर के सभी ओनर्स को दिसंबर 2026 तक मेंटेनेंस शुल्क में राहत दी गई है। सहमति के अनुसार, दिसंबर 2026 तक का मेंटेनेंस बिल माफ किया जाएगा, जबकि जनवरी 2027 से मेंटेनेंस शुल्क घटाकर ₹16 प्रति वर्गफुट + GST निर्धारित किया गया है। एसोसिएशन ने इसे ओनर्स के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

एडवांस में मेंटेनेंस जमा करने वालों को भी राहत

ग्रैंडथुम ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने बताया कि जिन ओनर्स ने पहले ही तीन महीने का मेंटेनेंस एडवांस जमा कर दिया है, उनकी राशि जनवरी 2027 से लागू होने वाले मेंटेनेंस शुल्क में एडजस्ट की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही थी। अब आपसी सहमति से व्यावहारिक समाधान निकाला गया है, जिससे ग्रैंडथुम के सभी ओनर्स को राहत मिलेगी।

ओनर्स से जल्द पजेशन लेने की अपील

आशीष गुप्ता ने सभी ओनर्स से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपनी पजेशन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि प्रोजेक्ट में व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि ओनर्स की भागीदारी और सहयोग से ग्रैंडथुम को बेहतर तरीके से विकसित करने में मदद मिलेगी। एसोसिएशन के अनुसार, वह लगातार ओनर्स की समस्याओं और हितों को लेकर बिल्डर तथा फैसिलिटी मैनेजमेंट के साथ संवाद करती रही है। इसी बातचीत के परिणामस्वरूप मेंटेनेंस शुल्क को लेकर सहमति बन सकी।

समझौता वार्ता में एसोसिएशन और फैसिलिटी मैनेजमेंट के प्रतिनिधि रहे मौजूद

समझौता वार्ता के दौरान ग्रैंडथुम ओनर्स एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष आशीष गुप्ता, उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, कोषाध्यक्ष हिमांशु गर्ग, महासचिव रजत गुप्ता के साथ रोहित शर्मा, सुमित सोम, सार्थक अरोड़ा, अशोक ओझा, शिल्पा निमोरे और अजीत झा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, फैसिलिटी मैनेजमेंट की ओर से डायरेक्टर अनिल बेदी और डायरेक्टर तरुण भड़ाना सहित अन्य प्रतिनिधि वार्ता में शामिल हुए।

ओनर्स की एकजुटता से निकला समाधान

एसोसिएशन ने कहा कि ग्रैंडथुम के ओनर्स की एकजुटता और लगातार संवाद के चलते मेंटेनेंस विवाद का समाधान संभव हुआ है। एसोसिएशन ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ओनर्स से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाता रहेगा।