Greater Noida News: दिवाली पर रोशनी से जगमगाएंगे ग्रेटर नोएडा के प्रवेश द्वार और गोलचक्कर, एसीईओ प्रेरणा सिंह ने दिए निर्देश

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा की सड़कों, प्रवेश द्वारों, गोलचक्करों, गांवों और सेक्टरों में रोशनी बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दिवाली से पहले प्रस्तावित स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ उन्हें चालू भी कर दिया जाए। इसके साथ ही बादलपुर और अस्तौली में निर्माणाधीन 33 केवी बिजलीघरों का काम तेज करने तथा किसानों के छह प्रतिशत आबादी भूखंडों में बिजली संबंधी कार्य नवंबर तक पूरे करने पर जोर दिया गया।

दिवाली से पहले प्रवेश द्वारों और गोलचक्करों पर रोशनी की तैयारी

बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह ने शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दिवाली से पहले प्रमुख प्रवेश द्वारों और गोलचक्करों को रोशनी से जगमगाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। शहर के प्रमुख स्थानों के साथ गांवों और सेक्टरों में भी स्ट्रीट लाइट लगाने तथा उन्हें समय से चालू करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

बादलपुर और अस्तौली के बिजलीघरों का निर्माण तेज करने के निर्देश

बैठक में बादलपुर और अस्तौली में निर्माणाधीन 33 केवी बिजलीघरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। दोनों बिजलीघरों के निर्माण की निर्धारित समयसीमा में अभी छह माह शेष हैं। एसीईओ ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और परियोजनाओं को तय समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। इन बिजलीघरों के निर्माण से संबंधित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

किसानों के छह प्रतिशत आबादी भूखंडों में नवंबर तक पूरे होंगे बिजली के काम

किसानों को आवंटित छह प्रतिशत आबादी भूखंडों में बिजली संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए एसीईओ ने सभी लंबित कार्य नवंबर तक पूरे करने के निर्देश दिए। खैरपुर, खोदना खुर्द, पतवाड़ी, छोटी मिलक और इटैड़ा समेत कई गांवों में इन भूखंडों पर बिजली से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

17 गांवों में दिवाली से पहले लगेंगी स्ट्रीट लाइट

ग्रेटर नोएडा के तिलपता, कुलेसरा, छपरौला और खोदना खुर्द समेत 17 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम चल रहा है। एसीईओ ने निर्देश दिए कि दिवाली से पहले सभी प्रस्तावित लाइटें लगा दी जाएं और उन्हें चालू भी कर दिया जाए, ताकि गांवों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर हो सके। इसके अलावा सेक्टर-2, सेक्टर-3 और सेक्टर-12 समेत अन्य सेक्टरों के पार्कों में भी स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। प्राधिकरण का जोर त्योहार से पहले शहर और गांवों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर है।

ड्रेन निर्माण कार्यों की भी हुई समीक्षा

बैठक में ड्रेन निर्माण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रस्तावित कार्यों की टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करने और इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।  बैठक में ड्रेन विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज कुमार सचान, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, अश्विनी चतुर्वेदी, सौरभ भारद्वाज समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।