ग्रेटर नोएडा में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन और NIET के प्रतिनिधियों ने कौशल विकास, रिसर्च, नवाचार, इंडस्ट्री ट्रेनिंग और प्लेसमेंट पर किया मंथन; उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को तैयार करने की दिशा में सहयोग बढ़ाने पर सहमति
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर और नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (NIET), ग्रेटर नोएडा के बीच बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को महत्वपूर्ण उद्योग–शिक्षा समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल विकास, व्यावहारिक प्रशिक्षण, अनुसंधान, नवाचार और प्लेसमेंट जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने और विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
इंटर्नशिप से लेकर प्लेसमेंट तक पर हुआ विचार-विमर्श
बैठक के दौरान इंटर्नशिप, इंडस्ट्रियल विजिट, लाइव प्रोजेक्ट्स, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, स्किल डेवलपमेंट, गेस्ट लेक्चर, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और प्लेसमेंट से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इस बात पर जोर दिया गया कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें उद्योगों में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीकों, कार्यप्रणाली और व्यावहारिक चुनौतियों से भी परिचित कराया जाना चाहिए। प्रतिभागियों के अनुसार, भारत के वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत समन्वय जरूरी है। उद्योगों को अपनी जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित और दक्ष कर्मचारी चाहिए, जबकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और वास्तविक परियोजनाओं पर काम करने के अवसरों की आवश्यकता है।।बैठक में इस दिशा में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों को रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर मिल सकें तथा उद्योगों को प्रशिक्षित प्रतिभाएं उपलब्ध हो सकें।

IBA के प्रतिनिधिमंडल ने लिया हिस्सा
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन की ओर से प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने किया। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव सुनील दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, अजय राणा और सुधीर त्यागी, सेक्टर सचिव बिरेंद्र प्रताप रावल, संयुक्त सचिव विकास राय, सिमरन खत्री, सन्नी खत्री, कार्यकारिणी सदस्य कपिल कौशिक और संजय त्यागी तथा युवा कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर शामिल रहे। इसके अतिरिक्त, एक्सेडी इंडिया लिमिटेड के एजीएम-एचआर प्रदीप कुमार शर्मा, केबी कंपोनेंट्स लिमिटेड के एचआर मैनेजर अभिमन्यु कुमार और मेंटेनेंस मैनेजर हरिओम, ऑप्टिक मैक्ट्रोनिक्स प्राइवेट लिमिटेड के सीओओ पियूष गौड़ तथा युवा उद्यमी आकाश चौहान ने भी बैठक में भाग लिया।
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की भागीदारी से कंपनियों की जरूरतों, कार्यस्थल पर अपेक्षित कौशल और विद्यार्थियों को उद्योगों के लिए तैयार करने के संभावित तरीकों पर चर्चा का अवसर मिला।
NIET ने उद्योगों के साथ सहयोग बढ़ाने पर जताई प्रतिबद्धता
NIET की ओर से एडिशनल मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीमा अग्रवाल, प्रोफेसर एवं डायरेक्टर डॉ. विनोद एम. कापसे और एसोसिएट डायरेक्टर-एकेडमिक्स डॉ. नरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के डीन और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संस्थान के प्रतिनिधियों ने उद्योगों के साथ नियमित सहभागिता बढ़ाने, विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रमों को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक में उद्योग विशेषज्ञों के अनुभव को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने और विद्यार्थियों को व्यावसायिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
संयुक्त अनुसंधान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
बैठक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने उद्योग और शिक्षा जगत के बीच दीर्घकालिक तथा परिणामोन्मुख साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। भविष्य में संयुक्त अनुसंधान, औद्योगिक परियोजनाओं, इंटर्नशिप, कौशल विकास, नवाचार और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सहयोग को विस्तार देने पर जोर दिया गया। यह पहल गौतम बुद्ध नगर में उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने, युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप कौशल निर्माण को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Comments (0)
Leave a Comment