महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को अधिकारियों ने किया नमन, ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश और स्वदेशी के महत्व पर हुई चर्चा

यमुना प्राधिकरण, रफ़्तार टूडे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन एवं विचारों को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों, विशेष कार्याधिकारी, महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

CEO ने गांधी जी के सिद्धांतों पर डाला प्रकाश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CEO राकेश कुमार सिंह ने महात्मा गांधी के प्रमुख सिद्धांतों स्वराज, स्वदेशी, स्वच्छता, सर्वोदय और ट्रस्टीशिप पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन में प्रासंगिक हैं। उन्होंने गांधी जी के स्वदेशी आंदोलन का उल्लेख करते हुए बताया कि इस आंदोलन के माध्यम से देश में निर्मित वस्तुओं और कपड़ों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। स्वदेशी की भावना ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान व्यापक जनभागीदारी को प्रेरित किया। CEO ने गांधी जी के सर्वोदय के विचार पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सर्वोदय का मूल भाव समाज के सभी वर्गों का विकास और जीवन स्तर बेहतर करना तथा समानता की भावना को बढ़ावा देना था।

लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ मंत्र को किया याद

CEO राकेश कुमार सिंह ने देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने शास्त्री जी को महान प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके प्रसिद्ध मंत्र ‘जय जवान, जय किसान’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के नेतृत्व में देश ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया और खाद्यान्न संकट से निपटने के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया गया। उनके सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण को आज भी प्रेरणा के रूप में देखा जाता है।

अधिकारियों ने साझा किए प्रेरणादायी संस्मरण

कार्यक्रम के दौरान प्राधिकरण के अन्य अधिकारियों ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग साझा किए। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया एवं राजेश कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, हरि प्रताप, आरती सिंह और मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में GM परियोजना राजेंद्र भाटी, नंदकिशोर सुंदरियाल, विकास कुमार, सतेंद्र गिरी सहित YEIDA के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया।