ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में एसटीपी के शोधित पानी से हो रही पेड़ों की सफाई, निर्माण स्थलों पर 216 एंटी स्मॉग गन और सार्वजनिक स्थानों पर 8 मशीनें तैनात; कूड़ा जलाने की सूचना कॉल सेंटर या मित्रा ऐप पर दें

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर की हवा को साफ रखने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रदूषण नियंत्रण के लिए अब सड़कों की सफाई और निर्माण स्थलों पर एंटी स्मॉग गन चलाने के साथ-साथ शहर में लगे पेड़ों की धुलाई भी कराई जा रही है। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर उद्यान विभाग ने ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में विशेष अभियान शुरू किया है। इसके लिए 30 से अधिक पानी के टैंकर लगाए गए हैं।

प्राधिकरण की ओर से पेड़ों की धुलाई में एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पेड़ों की पत्तियों पर जमा धूल को साफ करने के साथ-साथ आसपास के वातावरण में धूल के कणों को कम करना है।

ग्रेटर नोएडा और वेस्ट के लिए अलग-अलग टीमें तैनात

उद्यान विभाग के प्रभारी उपनिदेशक ज्ञानेंद्र यादव ने बताया कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पेड़ों की धुलाई के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। दोनों क्षेत्रों में 30 से अधिक टैंकर इस काम में लगाए गए हैं। इनकी मदद से सड़कों के किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे पेड़ों की पत्तियों को पानी से साफ किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पेड़ों पर जमा धूल हटने से उनकी पत्तियां साफ होंगी और पेड़ अधिक हरे-भरे दिखाई देंगे। धुलाई के दौरान पत्तियों से टपकने वाला पानी पेड़ों के नीचे की जमीन को भी नम बनाए रखेगा। इससे मिट्टी की नमी बढ़ेगी और धूल उड़ने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

निर्माण स्थलों पर 216 एंटी स्मॉग गन, सार्वजनिक स्थानों पर 8 मशीनें

प्रदूषण नियंत्रण अभियान में प्राधिकरण का परियोजना विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभाग भी जुटे हुए हैं। उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग निर्माण स्थलों पर 216 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं। इसके अतिरिक्त प्राधिकरण की 8 एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल सार्वजनिक स्थानों पर किया जा रहा है, ताकि धूल के कणों को हवा में फैलने से रोका जा सके।

इन मशीनों के संचालन में भी एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर की सड़कों से धूल हटाने के लिए 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों के जरिए नियमित रूप से सड़कों की सफाई कराई जा रही है।

कूड़ा जलता दिखे तो इन नंबरों पर दें सूचना

प्राधिकरण ने शहरवासियों से प्रदूषण नियंत्रण अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उप महाप्रबंधक विजय रावल ने कहा कि खुले में कूड़ा जलाना प्रदूषण बढ़ने का एक कारण है। इसलिए यदि किसी भी क्षेत्र में कूड़ा जलता हुआ दिखाई दे तो तत्काल प्राधिकरण को इसकी सूचना दें।

इसके लिए प्राधिकरण के कॉल सेंटर नंबर 0120-2336046, 0120-2336047, 0120-2336048 और 0120-2336049 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा प्राधिकरण के मित्रा ऐप के माध्यम से भी कूड़ा जलाने की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

प्राधिकरण ने निवासियों से अपील की है कि वे खुले में कूड़ा न जलाएं, अपने आसपास सफाई बनाए रखें और कहीं भी कूड़ा जलता दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने के लिए प्राधिकरण के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

प्रदूषण रोकने के लिए ग्रेटर नोएडा में पेड़ों की धुलाई शुरू, 30 से अधिक टैंकर तैनात; 216 एंटी स्मॉग गन और 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से भी अभियान तेज, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में 30 से अधिक टैंकरों से पेड़ों की धुलाई शुरू कराई है। निर्माण स्थलों पर 216 एंटी स्मॉग गन, सार्वजनिक स्थानों पर 8 मशीनें और सड़कों की सफाई के लिए 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें लगाई गई हैं। कूड़ा जलने पर कॉल सेंटर या मित्रा ऐप पर शिकायत करें।

ग्रेटर नोएडा प्रदूषण, पेड़ों की धुलाई, एंटी स्मॉग गन, ग्रेनो वेस्ट, डॉ. बलकार सिंह, मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन, मित्रा ऐप, कूड़ा जलाने की शिकायत