भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सांसद डॉ. महेश शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर समेत कई वरिष्ठ नेता हुए शामिल; बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को किया याद, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की एकता मजबूत करने का आह्वान

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में आईआईएमटी कॉलेज, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा में भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए। संगोष्ठी में भारतीय संविधान के महत्व, संविधान निर्माताओं के योगदान, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में एमएलसी श्रीचंद शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री महामेधा नागर, आईआईएमटी प्रबंधन से मयंक गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा और नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संविधान लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्र की एकता का आधार: विनोद तावड़े

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता का आधार है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देने के साथ-साथ उसके कर्तव्यों का भी बोध कराया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी महान सदस्यों ने गहन विचार-विमर्श और दूरदर्शिता के साथ भारतीय संविधान का निर्माण किया। इसी संविधान ने भारत को विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संविधान का सम्मान करना केवल हमारा दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय का नैतिक कर्तव्य भी है।

विनोद तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास, समान अवसर और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान गौरव दिवस संविधान निर्माताओं के अतुलनीय योगदान को याद करने, संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्र की एकता, सामाजिक समरसता तथा लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से संविधान के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार: नवाब सिंह नागर

भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करे और देश के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि संवैधानिक आदर्शों का पालन करके ही एक मजबूत, समरस और विकसित राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।

संविधान के अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी करें पालन: डॉ. महेश शर्मा

गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान किए हैं। संविधान के प्रति सम्मान रखना और उसके आदर्शों का पालन करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं के विचारों और उनके योगदान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। संविधान के मूल्यों को व्यवहार में उतारना ही संविधान निर्माताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

संविधान की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध भाजपा कार्यकर्ता: अभिषेक शर्मा

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि संविधान गौरव दिवस संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करने और संवैधानिक मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

सैकड़ों कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रणीत भाटी, रक़म सिंह भाटी, दादरी नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित, धर्मेंद्र कोरी, वीरेंद्र भाटी, कर्मवीर आर्य, निर्मला तंवर, दीपक भारद्वाज, पवन नागर, अश्वनी गोयल, वंदना वानखेड़े, जितेंद्र भाटी, सचिन गौतम, मनोज चौधरी, अर्पित तिवारी, राहुल पंडित और सत्यपाल शर्मा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में आईआईएमटी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी संगोष्ठी में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन भारतीय संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

संविधान गौरव दिवस पर IIMT कॉलेज में भाजपा की बड़ी संगोष्ठी, विनोद तावड़े से लेकर डॉ. महेश शर्मा तक ने बताई संविधान की महत्ता, ग्रेटर नोएडा के आईआईएमटी कॉलेज में संविधान गौरव दिवस पर भाजपा की संगोष्ठी आयोजित हुई। राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, सांसद डॉ. महेश शर्मा, नवाब सिंह नागर और अन्य नेताओं ने संविधान के मूल्यों, बाबा साहेब के योगदान और लोकतांत्रिक आदर्शों पर विचार रखे।