18वीं जूनियर नेशनल रोल बॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, प्रधानाचार्य डॉ. शालिनी प्रसाद ने दी बधाई और विद्यार्थियों को खेल भावना से प्रेरणा लेने के लिए किया प्रोत्साहित
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा स्थित समसारा द वर्ल्ड एकेडमी के छात्र हर्ष रावल ने खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। हर्ष ने 18वीं जूनियर नेशनल रोल बॉल चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है और उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 17 से 20 अक्टूबर 2026 तक तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित कोंगुनाडु आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में आयोजित की गई थी। चैंपियनशिप का आयोजन रोल बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया और स्पोर्ट्स तमिलनाडु रोल बॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में हर्ष ने अपने खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
हर्ष रावल की इस सफलता को उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करना उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में सक्रिय भागीदारी करने और अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा मिलेगी।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. शालिनी प्रसाद ने हर्ष रावल के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने हर्ष को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी हर्ष से प्रेरणा लेने और खेल के क्षेत्र में मेहनत, अनुशासन तथा टीम भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। समसारा द वर्ल्ड एकेडमी में हर्ष की इस उपलब्धि को गर्व के क्षण के रूप में देखा जा रहा है। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि हर्ष भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

Comments (0)
Leave a Comment